लेह-लद्दाख जाते समय सरचू और जिस्पा में रुक रहे पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। जुलाई के अंतिम सप्ताह में पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटकों की संख्या में भारी कमी आई है, लेकिन लेह-लद्दाख की ओर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
मनाली-लेह मार्ग पर रोजाना तीन से पांच हजार वाहनों की आवाजाही हो रही है। देशी-विदेशी पर्यटकों को लाहौल-स्पीति और लेह-लद्दाख की वादियां भा गई हैं। दारचा से सरचू होते हुए पर्यटक जांस्कर घाटी में दस्तक दे रहे हैं। जुलाई के पहले सप्ताह से ही रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा और सरचू में पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ गई। अधिकतर पर्यटक लाहौल घाटी के जिस्पा में रुकना पसंद कर रहे हैं। कम बरसात के चलते अभी तक नदी-नालों में बाढ़ आने से सड़क बाधित होने की घटनाएं सामने नहीं आई हैं। ऐसे में पर्यटक लेह-लद्दाख की तरफ निकलने में नहीं हिचकिचा रहे हैं।
पर्यटन कारोबारी रिंकू ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मनाली-लेह मार्ग पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। कुल्लू की अपेक्षा लाहौल-स्पीति में बारिश कम होती है। इस कारण जुलाई से सितंबर तक लाहौल में पर्यटन कारोबार बेहतर रहता है। उन्होंने कहा कि सरचू सहित बारालाचा, शिंकुला पर्यटन स्थल में भी रौनक बढ़ गई है। रणजीत, रिंगजेन और श्याम ने बताया कि लाहौल घाटी में पर्यटक पहुंच रहे हैं। लेह-लद्दाख भी पर्यटक जा रहे हैं।