बंजार (कुल्लू)। जिला कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों में मंगलवार सुबह से ही बर्फबारी हो रही है। ऐसे में पर्यटक भी ताजा बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं। उपमंडल बंजार के पर्यटन स्थलों पर पहुंचकर पर्यटकों ने पूरा दिन बर्फ के बीच खूब अठखेलियां कीं। ताजा बर्फवारी के पलों को अपने कैमरे में भी कैद किया। वहीं, नए साल के पहले सप्ताह में बर्फबारी होने से पर्यटक भी कुल्लू की ओर अधिक संख्या में रुख कर रहे हैं। रोजाना हजारों की संख्या में पर्यटक कुल्लू पहुंच रहे हैं। जिसके कारण पर्यटन व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों के भी चेहरे खिल उठे हैं। इस साल पिछली दो सालों के मुकाबले अधिक पर्यटक कुल्लू आए हैं।
उपमंडल बंजार की वादियों में पर्यटक इन दिनों मौज-मस्ती करने में व्यस्त हैं। बंजार घूमने आए पर्यटक सोमेश, रवि, अखिल, मानवी, रिया ने कहा कि वे सोझा में ठहरे हुए हैं। वे कुल्लू एक-दो दिन के लिए ही आए थे, लेकिन बंजार का मनोरम दृश्य देखकर अब वापस जाने का मन नहीं कर रहा है। ताजा बर्फबारी का आनंद उन्होंने पहली बार लिया है। आसमान से गिर रहे बर्फ के फाहों को वे अपने कैमरे में भी कैद कर रहे हैं। उधर, पर्यटन कारोबारी रजत चोपड़ा, टेक सिंह, ऐलू राम ने कहा कि दिसंबर माह से बंजार घाटी के विभिन्न इलाकों में पर्यटक दस्तक दे रहे हैं। गेस्ट हाउस व होमस्टे अब पर्यटकों से गुलजार हो रहे हैं। ताजा बर्फबारी पर्यटन कारोबार में तेजी ला सकती है।