संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सेना भर्ती के लिए केंद्र सरकार की ओर से लाई गई अग्निपथ योजना के विरोध में पहले आम आदमी पार्टी और फिर कांग्रेस सड़कों पर उतर गई है। दोनों पार्टियों ने योजना का जमकर विरोध किया। साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।
दोनों पार्टियों ने अग्निपथ योजना के फैसले को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है। आप और कांग्रेस ने चेताया है कि अगर केंद्र सरकार जल्द योजना के फैसले को वापस नहीं लेती है तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पहले शनिवार को आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष सुरेश नेगी की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
आप नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की यह अग्निपथ योजना युवाओं के साथ खिलवाड़ है। आप अध्यक्ष सुरेश नेगी ने कहा इस योजना के तहत सिर्फ चार साल तक ही युवा नौकरी कर सकेंगे, लेकिन उसके बाद उनके पास कोई काम नहीं होगा।
कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी जिला कांग्रेस सचिव भुवनेश्वर गौड़ की अध्यक्षता में प्रदर्शन किया। इस दौरान ढालपुर से उपायुक्त कार्यालय परिसर तक कांग्रेस ने नारेबाजी कर योजना का विरोध किया। जिला सचिव ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा कोरोना काल के बाद सेना भर्ती की तैयारी कर रहे हैं, जबकि कई युवा ऐसे भी हैं, जिन्होंने शारीरिक दक्षता को पास किया था और अब लिखित परीक्षा का इंतजार कर रहे थे, लेकिन केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना निकालकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के नेता अरुण शर्मा, शेरा नेगी, अनुराग प्रार्थी सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर, आप आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने क्रमिक अनशन पर बैठी फोरलेन संघर्ष समिति का समर्थन किया है। गौरतलब है कि फोरलेन संघर्ष समिति का यहां पर ग्यारह दिन से क्रमिक अनशन चल रहा है।