केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में मंगलवार को भारी बारिश से करोड़ों रुपये की क्षति हुई है। इससे जिले में कई स्थानों पर रास्तें क्षतिग्रस्त और कुछ जगह बिजली गुल हो गई है। भारी बारिश से मयाड़ घाटी के चंगुट गांव में बाढ़ से एक पुल, तीन पुराने मकान, एक पुराना शेड भी बह गए। साथ ही चुरपुट और चंगुट गांव के बीच करीब 100 बीघा उपजाऊ जमीन बाढ़ में बह गई है।
किरतिंग, शांशा, फूड़ा, जाहलमा, कमरिंग, थिरोट, उदयपुर आदि में 200 से अधिक पर्यटकों सहित कई श्रद्धालु फंस गए हैं। ये लोग केलांग-उदयपुर सड़क बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। थिरोट बिजली परियोजना का हेड भी बाढ़ के चलते बह गया है। इससे पट्टन घाटी में बिजली गुल हो गई है। चुरपुट गांव में मलबे से मयाड़ नाले का बहाव भी रुक गया है। उदयपुर-केलांग मार्ग पर थिरोट पुल को खतरा हो गया है। प्रशासन ने इस पुल को आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। शांशा पुल के पास नाले के रुख बदलने के कारण 50 मीटर किरतिंग की तरफ सड़क बह गई। मडग्रां नाले में बाढ़ आने से एक तरफ का हिस्सा टूट गया है। उधर, केलांग-उदयपुर मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही ठप है। मटर व गोभी से लदे कई ट्रक मंगलवार से सड़कों पर फंसे हुए हैं। ऐसे में व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। सड़कें बंद होने से सब्जियां गाड़ियों में ही सड़ गई हैं। सड़कों की बहाली के लिए बीआरओ के पास मशीनें नहीं हैं। जेेसीबी से काम चलाया जा रहा है। उधर, उपायुक्त नीरज कुमार ने कहा कि सड़कों को बहाल करने का कार्य चल रहा है। भारी बारिश को देखते हुए लोगों से एहतियात बरतने की अपील की गई है।