उत्तराखंड के ध्यानार्थ................
कुल्लू में पूर्व मंत्री दिवंगत कर्ण सिंह के बेटे के घर की थी चोरी
10 लाख रुपये का चोरी किया गया सामान भी किया बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। रूपी पैलेस रघुनाथपुर में पूर्व मंत्री दिवंगत कर्ण सिंह के बेटे आदित्य विक्रम सिंह के घर से चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने उत्तराखंड के विकासनगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चैन सिंह (45) निवासी केंथ, डाकघर टिक्करी, तहसील नयनबाग, जिला टिहरी, उत्तराखंड के रूप में हुई है।
आरोपी से चोरी किया हुआ सामान भी बरामद कर लिया है। चोरी किए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। 13 अक्तूबर को पुलिस थाना सदर कुल्लू में चोरी का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पाया एक व्यक्ति जो पहले यहां पर काम कर चुका था, वह दशहरा शुरू होने पर आया था।
आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देकर भाग गया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य छानबीन के आधार पर पाया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला चैन सिंह ही है। इसके बाद कुल्लू से एक टीम आरोपी को पकड़ने के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी चैन सिंह को 25 अक्तूबर को विकासनगर, उत्तराखंड में गिरफ्तार कर लिया। उसे कुल्लू लाया गया है।
एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि करीब 10 लाख रुपये की कीमत वाला सामान जिसमें चांदी के बर्तन आदि हैं, बरामद कर लिया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है। मामले की छानबीन चल रही है। संवाद