कुल्लू। जिले के कशावरी फाटी के ओझरी गांव से लापता व्यक्ति का डेढ़ महीने बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने मामले में इंसाफ दिलाने की मांग की है। सोमवार को कुल्लू में एक प्रेसवार्ता में लापता जगमोहन की पत्नी शकुंतला देवी ने कहा कि उसका पति 4 नवंबर से लापता है।
लापता होने के एक दिन पहले रात को पति के मोबाइल नंबर पर एक महिला की कॉल आई थी। इस महिला की पिछले दो साल से उसके पति से फोन पर बात हो रही थी। अब उसके पति का कोई अता पता नहीं है कि वह जिंदा है भी कि नहीं। पति से फोन पर बात करने वाली महिला से पूछताछ की जानी चाहिए।
लापता व्यक्ति के बेटे अभिषेक ने कहा कि 14 नवंबर को पुलिस उसके घर आई थी। पुलिस ने यह कहकर उससे साइन करवा लिए कि हमने एसपी को रिपोर्ट करनी है। एफआईआर में पुलिस ने अपनी मर्जी से जोड़ दिया है कि परिजन पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं। सच्चाई यह है कि पुलिस डेढ़ महीने से कुछ नहीं कर पाई है।
सोनिया ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने छानबीन के नाम पर लीपापोती की है। मामले को किसी के दबाव में आकर दबाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच हो और गरीब परिवार को न्याय मिले। राजपूत महासभा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र राजपूत ने कहा कि संगठन के दबाव के चलते पुलिस को मामले में जांच अधिकारी बदलना पड़ा है। इस दौरान दुनी चंद आदि मौजूद रहे। संवाद