शमशी (कुल्लू)। क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक शांति से जोड़ने के उद्देश्य से हैप्पीनेस हब अपनी दूसरी शाखा शमशी में शुरू करने जा रहा है। नए केंद्र का शुभारंभ फॉरेस्ट चौक स्थित हंगरी पॉइंट के पास किया जाएगा। संस्थान की प्रबंध निदेशक मीनाक्षी भारद्वाज ने बताया कि केंद्र में सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए डांस, फिटनेस और मेडिटेशन से जुड़ी गतिविधियां करवाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह पूर्वाह्न 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक होगा। इसमें क्षेत्रवासियों को आमंत्रित किया गया है। डांस और फिटनेस गतिविधियों के साथ केंद्र में भजन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। मीनाक्षी भारद्वाज ने कहा कि हैप्पीनेस हब का लक्ष्य लोगों को तनाव से राहत दिलाना, शारीरिक क्षमता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।