ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के भवन में लग रहीं कक्षाएं
19 माह से विद्यालय भवन की तलाश में पाशी के बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली (कुल्लू)। शिक्षा खंड सैंज के तहत राजकीय उच्च विद्यालय पाशी के विद्यार्थी भवन के इंतजार में हैं। जुलाई 2023 में आई बाढ़ में विद्यालय का भवन बह गया था।
19 माह बाद भी सरकार, प्रशासन और शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की सुविधा और बुनियादी शिक्षा के लिए भवन का निर्माण नहीं करवा पाया है। विद्यालय में वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 46 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इन विद्यार्थियों की कक्षाएं इन दिनों ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क प्रबंधन के भवन में लग रही हैं।
साल 2023 के जुलाई में जिले में भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में नुकसान हुआ है। सैंज शिक्षा खंड का उच्च विद्यालय पाशी का भवन भी इस मार को झेल चुका है। बाढ़ के कारण विद्यालय का भवन बह गया। विद्यार्थियों को अब बिना भवन पढ़ाई करनी पड़ रही है। हालांकि, अस्थायी तौर पर विद्यार्थियों की कक्षाएं ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के बीओ हट में चल रही हैं, लेकिन बिना अपने भवन के विद्यार्थी परेशानी में हैं।
विद्यार्थियों के अभिभावक कई बार सरकार, प्रशासन और शिक्षा विभाग के समक्ष भवन निर्माण की मांग रख चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस है। इस संंबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक देसराज ने कहा कि विद्यालय भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग करेगा। विभाग को बजट जारी कर दिया गया है।
साल 2023 की बरसात में पाशी विद्यालय का भवन बहा है। इसके बाद भवन निर्माण की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है। कई बार विभिन्न मंचों पर विद्यालय भवन के निर्माण की बात एसएमसी और अभिभावक उठा चुके हैं, लेकिन समस्या बनी हुई है। - यान सिंह, एसमसी अध्यक्ष
राजकीय उच्च विद्यालय पाशी के विद्यार्थियों की कक्षाएं भवन न होने के कारण ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क प्रबंधन के बीओ हट में चल रहीं हैं। सरकारी भवन न होता तो विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता। शिक्षा विभाग विद्यालय भवन के निर्माण कार्य को शुरू करवाने में दिलचस्पी दिखाए। -डाबे राम, निवासी रैला-दो