भुंतर (कुल्लू)। जिला के प्रवेश द्वार पर बसे भुंतर शहर में बाढ़ का खतरा अब कम होगा। ब्यास नदी के राइट बैंक में एसएसबी सेंटर से लेकर हवाई अड्डा भुंतर तक सुरक्षा दीवार लगाई जाएगी। तटीकरण कार्य के लिए प्रथम चरण में 15 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। हालांकि भुंतर में ब्यास के लेफ्ट बैंक पर हाथीथान में नदी किनारे सुरक्षा दीवार लगाने का काम जारी है। वर्ष 2023 की आपदा के बाद ब्यास नदी की बाढ़ से हाथीथान में होटल व मकान तिनके की तरह बह गए थे। बैली ब्रिज से लेकर हाथीथान की तरफ ब्यास किनारे सुरक्षा दीवार लगाई जा रही है। बरहाल यह देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि कब तटीकरण कार्य पूरा होता है। इस संबंध में कुल्लू सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि एसएसबी सेंटर से लेकर हवाई अड्डा भुंतर तक ब्यास नदी का तटीकरण किया जाएगा।
यहां भी चला है तटीकरण का काम
जिला भुंतर स्थित सरवरी खड्ड किनारे खोरीरोपा में तटीकरण का कार्य किया जा रहा है। तटीकरण पर साढ़े चार करोड़ की राशि भी खर्च की जा रही है। तटीकरण में लगाई गई दीवार के चलते पिछले दिनों खड्ड में आई बाढ़ का पानी खोरीरोपा पार्किंग में नहीं घुसा था।