पर्यटन नगरी में तीन दिवसीय इन्फ्लुएंसर मीट का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन कारोबार को आपदा के बाद फिर से पटरी पर लाने के लिए पर्यटन कारोबारियों की पहल पर तीन दिवसीय इन्फ्लुएंसर मीट का शुक्रवार को समापन हुआ।
इस आयोजन में देश के विभिन्न भागों से लगभग 70 ब्लॉगर्स और इन्फ्लुएंसर मनाली पहुंचे। तीन दिन तक सभी इन्फ्लुएंसर और ब्लॉगर मनाली के विभिन्न हिस्सों में गए और अपने-अपने दृष्टिकोण से मनाली को देश-दुनिया के सामने रखने की कोशिश की।
होटल व्यावसायियों की पहल पर मनाली को आपदा के बाद फिर से लोगों के सामने प्रस्तुत करने और वहां की मौजूदा स्थिति को मनाली आने वाले पर्यटकों तक पहुंचाने के लिए आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन मनाली के रांगड़ी में हुआ। पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर ने कार्यक्रम में मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कहा कि जो काम आपदा के बाद सरकार को करना चाहिए था, लेकिन पर्यटन कारोबारियों को स्वयं इन्फ्लुएंसर और ब्लॉगर की मदद से यह आयोजन करना पड़ रहा है। आयोजक रोशन ठाकुर, पार्थ शर्मा और विंपी बख्शी ने बताया कि पर्यटन व्यावसायियों की यह पहल सफल रही है। ब्लॉगरों और इन्फ्लुएंसर के आने से मनाली सकारात्मक दिशा में फिर से सोशल मीडिया पर ट्रोल होने लगा है।