बिजली बोर्ड ने 30 लाख रुपये की लागत से स्थापित किए दो ट्रांसफार्मर
लंबे समय से परेशान थे उपभोक्ता, विद्यार्थियों को भी हो रही थी दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। पतलीकूहल क्षेत्र के जटेहड़, शांति कॉलोनी और आसपास के इलाकों में लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
बिजली बोर्ड ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए एचपीएमसी परिसर के समीप दो नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए हैं। इन पर 30 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार जटेहड़ और शांति कॉलोनी क्षेत्र में काफी समय से लो वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई थी। खासकर शाम के समय घरेलू उपकरणों के सही ढंग से न चल पाने, मोटर स्टार्ट न होने और बार-बार बिजली ट्रिप हो रही थी। इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा था। इससे बच्चों को परीक्षा की तैयारी करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
बोर्ड के कटराईं में तैनात एसडीओ जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि शांति कॉलोनी और जटेहड़ बिहाल में स्थापित दोनों ट्रांसफार्मरों का कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब इन्हीं ट्रांसफार्मरों के माध्यम से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को नियंत्रित किया जा रहा है जिससे वोल्टेज में सुधार आया है और ओवरलोड की समस्या भी कम हुई है। उन्होंने बताया कि नए ट्रांसफार्मर लगने से न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा बल्कि छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और कृषि कार्यों से जुड़े लोगों को भी अब निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि सरकार आम जनता को बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।