ऑटो मोबाइल इंजीनियरिंग में अंतिम वर्ष का प्रशिक्षु था बिलासपुर का नितीश
किराये के कमरे में मृत मिला युवक, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सेउबाग में पढ़ रहे 21 साल के इंजीनियरिंग प्रशिक्षु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।युवक अपने किराये के कमरे में मृत अवस्था में मिला है।
वह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सेउबाग में ऑटो मोबाइल इंजीनियरिंग में अंतिम वर्ष का प्रशिक्षु था। इंजीनियरिंग प्रशिक्षु बिलासपुर जिले के तियामण गांव का रहने वाला था। उधर, पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीती चार फरवरी को पुलिस थाना कुल्लू के अंतर्गत सेउबाग में नितीश ठाकुर, पुत्र पवन कुमार, गांव तियामण, डाकघर नम्होल, तहसील सदर, जिला बिलासपुर अपने किराये के कमरे में मृत अवस्था में पाया गया। नीतिश ठाकुर को सुबह उसके दोस्त ने आवाज देकर उठाने का प्रयास किया लेकिन दरवाजा न खोलने और अंदर कोई हलचल न होने से वह घबरा गया। अनहोनी का संदेह होने पर उन्होंने मकान मालिक को इसकी सूचना दी। मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो नितीश ठाकुर अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया गया। उसने रजाई ओढ़ रखी थी। इसके बाद इंजीनियरिंग प्रशिक्षु को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, इस घटना की जानकारी मृतक इंजीनियरिंग प्रशिक्षु के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, इस बारे में पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि इंजीनियरिंग के छात्र की मौत को लेकर परिजनों ने किसी पर कोई संदेह नहीं जताया है। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।