कुल्लू में जिला परिषद के नवनिर्वाचित भाजपा सदस्य को शपथ दिलाते उपायुक्त अनुराग चंद्र।-संवाद
कुल्लू। जिला परिषद कुल्लू के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए शनिवार को जिला परिषद के सम्मेलन कक्ष में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सदस्यों ने पूर्ण सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और कर्तव्य परायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा जनहित के प्रति समर्पित रहने की शपथ ली।
उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण और जिलास्तर पर विकास कार्यों को सही दिशा देने में जिला परिषद पार्षदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उपायुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी सदस्य सदन की गरिमा बनाए रखते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पार्षदों के रचनात्मक सुझावों और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। नवनिर्वाचित सदस्यों ने भी जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी दया राम ठाकुर सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
...
भाजपा समर्थित सदस्य पहुंचे माता के मंदिर
शपथ समारोह से पहले भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्य पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के नेतृत्व में भेखली माता के मंदिर पहुंचे और सभी ने माथा टेका। इस मौके पर सभी जिला परिषद सदस्याें ने पार्टी के साथ चलने की कसम खाई। एकजुटता का संदेश देते हुए जिला परिषद भवन के सभागार में शपथ ग्रहण करने पहुंचे।
000