किताबी ज्ञान के साथ आधुनिक उपकरणों से भी पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी
कुल्ले के 29 विद्यालयों में इंटरेक्टिव फ्लैट पैनल डिस्पले से हो रही पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के सरकारी स्कूलों में अब किताबों के साथ डिजिटल उपकरण भी विद्यार्थियों की पढ़ाई का हिस्सा बन गए हैं। इंटरेक्टिव फ्लैट पैनल डिस्पले से शिक्षा सिर्फ जानकारी नहीं, बल्कि रचनात्मक और व्यावहारिक बन रही है।
जिले के 29 विद्यालयों में इंटरेक्टिव फ्लैट पैनल डिस्पले इंस्टॉल हैं। अब विद्यार्थी किताबों के अलावा आधुनिकीकरण के उपकरणों का उपयोग कर अपनी रचनात्मकता को निखार रहे हैं।
खास बात यह है जिन विद्यालयों में इंटरेक्टिव फ्लैट पैनल डिस्पले से पढ़ाई हो रही है। ये विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। इससे शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिकीकरण का लाभ मिल रहा है।
गौरतलब है कि राजकीय उच्च विद्यालय ओल्वा, अरछंडी, पजोही, बदाह, फाटी कराना, जटेहड़, चताणी, फलाण, टील, भूलंग, खडीगचा, बाहू, रूमरू, नजां, भूमतीर, ज्येष्ठा, शिल्ही, शिल्हा, लारल, श्रीकोट, बनाला के अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाशिंग, दोघरी, डीके चौंग तथा आनी में इंटरेक्टिव फ्लैट पैनल डिस्पले इंस्टॉल हैं। इन विद्यालयों में विद्यार्थी अपनी रचनात्मकता को नई दिशा दे रहे हैं।
उधर, जिला समन्वयक सुनील ठाकुर ने कहा कि 29 सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थी आधुनिक उपकरणों से पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यार्थियों को स्कूलों में किताबी ज्ञान के साथ इंटरेक्टिव फ्लैट पैनल डिस्पले, क्यान प्रोजेक्टरों, संपर्क टीवी डिवाइस से पढ़ाई करवाई जा रही है। इस दिशा में समग्र शिक्षा और शिक्षा विभाग के प्रयास जारी हैं।
जिले के 54 विज्ञान, गणित विषय के शिक्षकों और आईसीटी प्रशिक्षकों को समग्र शिक्षा के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें इंटरेक्टिव फ्लैट पैनल डिस्पले की संपूर्ण जानकारी के अलावा इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई रोचक बनाने के बारे में बताया जा रहा है। ऑनलाइन माध्यम से एससीईआरटी सोलन का पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को समझाया जा रहा है। -डॉ. सुनील दत्त, गुणवत्ता शिक्षा उपनिदेशक