खराहल (कुल्लू)। जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ सटी खराहल घाटी की निचली ग्राम पंचायतों न्योली, ग्राहण और पूईद के गांवों में पेयजल आपूर्ति समय पर नहीं हो रही है। तीनों ग्राम पंचायतों में पेयजल सप्लाई चार दिन बाद हो रही है। ऐसे में गर्मी के मौसम के बीच ग्रामीणों को पेयजल किल्लत से दो-चार होना पड़ रहा है। ग्रामीण अपने साथ पालतू मवेशियों के लिए कई किलोमीटर दूर से प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोकर लाने को विवश हैं। हालांकि, जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई है, लेकिन समस्या जस की तस है।
घाटी में जल शक्ति विभाग की अव्यस्था के चलते यह समस्या कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है। घराकड़ गांव में चार दिन बाद पानी की आपूर्ति हो रही है। ग्रामीण चमन, अनूप, रमेश, अमन, कृतिक ने कहा कि चार दिन तक पानी का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, थरमाण में पानी की सप्लाई उचित तरीके से नहीं हो रही है। ग्रामीण अमित, आरएस ठाकुर, केहर सिंह, सुशील ने कहा कि गत चार दिन से पानी की सप्लाई नहीं हुई है। लोगों ने जल शक्ति विभाग से आग्रह किया है कि पीने के पानी की आपूर्ति व्यवस्थित ढंग से करें।
इस संबंध में जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित मिरुपा ने कहा कि खराहल क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता को निर्देश दिए हैं कि जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल की जाए।
-संवाद