मुख्य अध्यापक से पदोन्नत होकर प्रिंसिपल बनने वालों को नियुक्ति का इंतजार
जिले के 41 मुख्य अध्यापकों को दी है पदोन्नति, खाली पदों पर होनी है तैनाती
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। प्रदेश सरकार ने हाई स्कूलों में तैनात जिले के 41 मुख्य अध्यापकों को पदोन्नत कर प्रिंसिपल तो बना दिया है लेकिन इन अभी तक इन्हें स्टेशन नहीं दिए गए हैं। पदोन्नत कर प्रिंसिपल बने मुख्याध्यापकों को अपनी नियुक्ति का इंतजार है।
शिक्षा विभाग के अनुसार नए सत्र में ही पदोन्नत होकर प्रिंसिपल बने अध्यापकों को स्टेशन दिए जाएंगे। ऐसे में पदोन्नत होकर प्रिंसिपल बने इन अध्यापकों को नया सत्र शुरू होने का इंतजार है।
गौर रहे कि जिले में कई स्कूल ऐसे हैं जहां प्रिंसिपल के पद खाली हैं। पदोन्नत हुए इन मुख्याध्यापकों की तैनाती जिले की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में की जानी है। सरकार का यह भी तर्क था कि सत्र के बीच में पढ़ाई पर कोई असर न पढ़े, इसलिए नए सत्र से तैनाती देने का निर्णय लिया है। बहरहाल, यह देखना दिलचस्प होगा पदोन्नति के बाद कब तक इनकी तैनाती होती है। उधर, इस संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक कुल्लू देश राज डोगरा ने कहा कि जिले के 41 मुख्यध्यापकों को पदोन्नति के बाद प्रिंसिपल बनाया गया है। नए शैक्षणिक सत्र में जिले में रिक्त चल रहे प्रिंसिपल के पदों पर नई नियुक्ति होगी।