ठेकेदार ने नहीं दिया नोटिस का जवाब, विभाग भी कर रहा सैंपल रिपोर्ट का इंतजार
क्षेत्रीय अस्पताल की कैंटीन से खरीदे परांठे में शीशे के टुकड़े निकलने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की कैंटीन से खरीदे परांठे में शीशे के टुकड़े मिलने के मामले में कैंटीन संचालकों के खिलाफ गाज गिरना तय माना जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है तो दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग को अभी तक ठेकेदार को भेजे नोटिस का जवाब नहीं मिला है। अस्पताल प्रशासन कैंटीन संचालक के जवाब का इंतजार कर रहा है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर के लोगों में चर्चा है कि परांठे में शीशे के टुकड़े मिलने के कुछ दिन पहले कैंटीन में आग की घटना पेश आई थी। इस कारण कैंटीन में टूट-फूट हुई थी। घटना के बाद कैंटीन की सफाई करवाई जानी चाहिए थी और भीतर बचा सामान भी हटा देना चाहिए था। अटकलें लगाई जा रही हैं कि आग की घटना के दौरान हुई टूट-फूट से शीशे के टुकड़े फैलने के बाद ठीक से साफ नहीं किया गया होगा इसी कारण परांठे में शीशे के टुकड़े निकले होंगे। इससे कैंटीन संचालक की काम के प्रति गंभीर लापरवाही सामने आ रही है।
उधर, क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में तैनात चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तारा चंद ने कहा कि विभाग कैंटीन संचालक के जवाब का इंतजार कर रहा है। जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।