पर्यटन विभाग ने की कार्रवाई, आगामी आदेश तक नहीं करवा पाएंगे उड़ान
गड़सा में पैराग्लाइडर से गिरकर घायल हो गया था महाराष्ट्र का एक पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। गड़सा में हुए पैराग्लाइडिंग हादसे के बाद पर्यटन विभाग ने ऑपरेटर और पायलट का फिलहाल लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। आगामी आदेश तक ऑपरेटर और पायलट उड़ान नहीं करवा सकेंगे। विभाग की कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है।
गौर रहे कि पिछले दिनों गड़सा में पैराग्लाइडर से महाराष्ट्र का एक पर्यटक नीचे गिर गया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे उपचार के लिए पहले कुल्लू अस्पताल लाया गया था। यहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया था। हादसे के बाद पर्यटन विभाग ने हरकत में आते हुए साइट में पैराग्लाइडिंग बंद करवा दी थी। साथ ही पैराग्लाइडिंग साइट ऑपरेटर, पायलट और मार्शल को नोटिस भेजे थे। जिले में पर्यटन गतिविधियां इन दिनों जोरों पर हैं। नियमों में कोताही बरतने पर इस तरह के हादसे पेश आ रहे हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी डॉ रोहित शर्मा ने कहा कि विभाग की ओर से साइट में पैराग्लाइडिंग बंद करवाई गई हैं। आगामी आदेश तक पायलट और ऑपरेटर किसी तरह की उड़ान नहीं करवा सकेंगे।