फनौटी पंचायत के दस गांवों के लोगों काे मिली राहत
लोक निर्माण विभाग को सड़क दुरुस्त करने में लग गया साल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले की रघुपुर घाटी के राणाबाग-लोट मार्ग पर एक साल छह दिन बाद निगम की बस लोट पहुंची है। पिछले साल आपदा में सड़क की हालत खस्ता होने से रघुपुर घाटी के करीब दस गांव अलग-थलग पड़ गए थे। लोक निर्माण विभाग को इस सड़क को दुरुस्त करने में एक साल का समय लगा।
सेब सीजन से पहले बस के लोट पहुंचने से फनौटी पंचायत के लोगों को राहत मिली है। निगम की बस एक माह से बालू जा रही थी मगर बालू कैंची से आगे लौट नहीं जा रही थी। ऐसे में लोगों को सुबह बस पकड़ने और शाम को घर जाने के लिए पैदल ही सफर करना पड़ रहा था। आपदा के बाद लोगों को बस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा है।
स्थानीय निवासी टेक सिंह, अशोक कुमार, राजेश ठाकुर, धर्म सिंह तथा सुंदर सिंह ने कहा कि बस के लौट पहुंचने से फनौटी पंचायत के बनाला, लोट, घुहाटन, डोहाड़, पारला लोट, दांधार, जुहड़, फनौटी धार और निचली फनौटी गांव के लोगों को सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की लेटलतीफी से लोगों को एक साल छह दिन का इंतजार करना पड़ा है।
एचआरटीसी आनी के अड्डा प्रभारी इंद्र सिंह ने कहा कि बस लोट के लिए भेजी जा रही है। घुहाटन के पास दो प्वाइंट में बस फंस रही है। इसकी सूचना लोक निर्माण विभाग काे दे दी है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मनीष कुमार ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है। मजदूरों को भेजकर इन प्वाइंटों को ठीक किया जाएगा।
...
बस बालू में हो गई खराब
राणाबाग-लोट मार्ग पर बस बालू में खराब हो गई है। तकनीकी खराबी आने से बस नहीं जा पाई। ऐसे में सवारियों को परेशान होना पड़ा। कई सवारियों को अपने जरूरी काम के लिए टैक्सियों में जाना पड़ा। अड्डा प्रभारी इंद्र सिंह ने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण बस बालू में फंस गई है। शाम को मेकेनिक टीम भेजकर बस को ठीक किया जाएगा। संवाद