कुल्लू। जिले की लगघाटी के गांव भल्याणी के ग्रामीणों की पीठ से अब बोझा हट गया है। एचआरटीसी ने रविवार से कुल्लू से भल्याणी वाया रोपड़ी रूट पर बस सेवा आरंभ कर दी है। सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने भुट्ठी चौक से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भल्याणी गांव तक बस के पहुंचने से ग्रामीणों को अब चार से पांच किलोमीटर पैदल सफर से राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग ने 22 अक्तूबर को कुल्लू से भल्याणी वाया रोपड़ी सड़क का बस ट्रायल लिया था। यह ट्रायल सफल रहने के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम ने बस का संचालन करने का फैसला लिया। रविवार से रूट पर बस सेवा शुरू कर दी। बस का संचालन होने से ग्रामीणों को घरद्वार तक यातायात सेवा मिलेगी।
इससे पहले ग्रामीण कुल्लू-भल्याणी वाया कमांद रूट से सफर कर रहे थे। इस रूट से उन्हें पैदल सफर भी करना पड़ रहा था। सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि भल्याणी गांव के ग्रामीणों को 77 साल बाद बस सेवा से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से दुर्गम गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
....
भुट्ठी चौक पर नाटी से खुशी की जाहिर
कुल्लू से भल्याणाी वाया रोपड़ी रूट पर बस सेवा का शुभारंभ भुट्ठी चौक से किया गया। ग्रामीणों ने कुल्लवी नाटी डालकर खुशी का इजहार किया है। ग्रामीण महिला और पुरुषों ने कुल्लवी परिधानों में सजकर नाटी डाली।
...
पढ़ाई में सड़क न होना बनता था रोड़ा
भल्याणी गांव के लिए सड़क सुविधा से न होने से विद्यालय और महाविद्यालय तक पहुंचने में विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। गांव तक सड़क का न होना पढ़ाई में रोड़ा बना रहा, लेकिन अब नौनिहालों, किशोरों और युवाओं को पढ़ाई करने में परेशानी नहीं होगी। बस सेवा आरंभ होने से समय पर विद्यालय और महाविद्यालय पहुंच पाएंगे।
-रीना, निवासी भल्याणी।
...
चार किलोमीटर का कम हुआ सफर
लगघाटी के भल्याणी तक पहुंचने के लिए सड़क बनने और बस सेवा शुरू होने से चार किलोमीटर का सफर कम हुआ है। पहले ग्रामीणों को कुल्लू-भल्याणी वाया कमांद रूट से जाना पड़ता था। इसके कारण ग्रामीणों को शांघन में उतरकर करीब दो से ढ़ाई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। अब पैदल सफर से निजात मिलेगी।
-पिंगला देवी, प्रधान ग्राम पंचायत भल्याणी
..