होटलियर एसोसिएशन ने बैठक में जताया विरोध, आंदोलन के लिए चेताया
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। नगर परिषद मनाली के 21 जून के बाद सात वार्डों से बाहर का कचरा नहीं लेने के फरमान के बाद बवाल मच गया है। होटलियर एसोसिएशन ने बैठक कर मामले पर तल्खी जताई है। चेतावनी दी कि यदि ऐसा किया गया तो एसोसिएशन आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश हो जाएगी।
होटलियर एसोसिएशन की बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष मुकेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें नगर परिषद की ओर से जारी पत्र पर मंथन किया गया। बैठक में कहा गया कि नगर परिषद का रांगड़ी कूड़ा संयंत्र मनाली के लिए बना हुआ है। इसमें कुल्लू जिले के अलावा लाहौल-स्पीति का कचरा भी लिया जा रहा है। नगर परिषद ने साफ किया है कि क्षेत्र के अलावा कहीं का कूड़ा नहीं लिया जाएगा। मनाली से बाहर का कचरा लेना तुरंत बंद किया जाए तथा मनाली और आसपास के इलाकों का कचरा यथावत लिया जाए, अन्यथा होटलियर एसोसिएशन विरोध करेगी। बैठक में कहा गया कि उपायुक्त ने पंचायतों को भी अपना कूड़ा-कचरा खुद ठिकाने लगाने को कहा है, यह संभव नहीं है। अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि मनाली से बाहर का कचरा लेना बंद किया जाए। बैठक में महासचिव निहाल चंद ठाकुर, गौरव ठाकुर, गजेंद्र ठाकुर, टेक चंद ठाकुर उपस्थित रहे।
...
ट्रैफिक जाम पर भी जताई नाराजगी
बैठक में शहर और आसपास के पर्यटन स्थलों में लग रहे ट्रैफिक जाम पर भी नाराजगी जताई गई। मुकेश ठाकुर ने कहा कि सड़क की खराब हालत, पुलिस जवानों की कमी के कारण जाम लग रहा है। इसमें जल्द से जल्द सुधार किया जाना चाहिए।