टीचर होम कमेटी के जरिये कोचिंग, पुस्तक, मोबाइल और टेलेंट हंट से लिख रहे सफलता की कहानी
अपनी टीम को साथ लेकर आसान बना रहे बच्चों के लिए शिक्षा का संघर्ष
गौरीशंकर
कुल्लू। हर दिन जिंदगी के ब्लैक बोर्ड पर कुछ नए सपने लिखे जा रहे हैं, इनके लेखक हैं शिक्षक श्याम लाल हांडा।
गरीब और होनहार बच्चों के लिए उन्होंने टीचर होम कमेटी के माध्यम से कोचिंग, पुस्तक, मोबाइल और टेलेंट हंट जैसी पहल शुरू कर दी। इससे अब तक सैकड़ों बच्चों का भविष्य संवर चुका है। शिक्षक श्याम लाल हांडा आर्थिक रूप से कमजोर, होनहार बच्चों की जिंदगी की सफलता की कहानी गढ़ रहे हैं। टीचर होम कमेटी के बैनर तले सरकारी स्कूलों के शिक्षक दोस्तों को एक मंच पर लाकर बच्चों के लिए शिक्षा के संघर्ष को आसान बनाने का काम किया है। जो बच्चे पढ़ाई में अव्वल हैं लेकिन उनके परिजन आर्थिक रूप से कमजोर हैं। ऐसे बच्चों को आगे बढ़ने के लिए उन्होंने मुफ्त में नवोदय कोचिंग कक्षाएं, डोनेट ए बुक, मोबाइल डोनेट, टेलेंट हंट जैसी योजनाएं तैयार की है। हांडा जिला शिक्षा एवं शिक्षण संस्थान में इतिहास के प्रवक्ता हैं।
तीस बच्चे जेएनवी में चयनित, 400 को दीं किताबें
श्याम लाल हांडा शिक्षक समिति के अध्यक्ष भी हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2017 से लेकर उन्होंने गरीब बच्चों के लिए नवोदय परीक्षा प्रवेश के लिए निशुल्क कोचिंग शिविर लगाने की व्यवस्था की है। अब तक 1100 बच्चों को कोचिंग दी जा चुकी है। इनमें 30 बच्चों का नवोदय के लिए चयन हुआ है। वर्ष 2018 अप्रैल से डोनेट ए बुक कार्यक्रम शुरू किया है जिसके माध्यम से अब तक 400 गरीब बच्चों को पढ़ाई के लिए पुस्तकें दी जा चुकी है। इस में नई किताबों के साथ जिनके पास पुरानी पुस्तकें भी हैं उन्हें भी जरूरतमंद को दान देने का कार्य किया गया है।
आठ कॉलेज विद्यार्थियों की दे रहे फीस
उन्होंने टीचर होम कमेटी के माध्यम से टेलेंट हंट योजना शुरू की। इसके माध्यम से ऐसे विद्यार्थियों की फीस वहन कर रहे हैं जिन्होंने 90 फीसदी अंक अर्जित किए हैं। वर्तमान में ऐसे 8 विद्यार्थियों की फीस दी जा रही है।
प्रदेश को दिया मोबाइल डोनेट कॉन्सेप्ट
कोरोना काल में जब स्कूलों में कक्षाएं लगानी मुश्किल हो गई थीं और ऑनलाइन पढ़ाई के लिए गरीब होनहार बच्चों के पास मोबाइल सुविधा नहीं थी तो उस दौर में उन्होंने मोबाइल डोनेट कार्यक्रम शुरू किया था। इसमें लोगों ने अपना योगदान देकर 20 होनहार बच्चों को मोबाइल उपलब्ध करवाए थे।
यह है भविष्य की योजना
टीचर होम कमेटी सरवरी का नया भवन तैयार हो रहा है। इसमें बुक बैंक बनाया जाएगा। साथ में लाइब्रेरी की व्यवस्था होगी। यहां गरीब बच्चे आकर निशुल्क पढ़ाई कर सकेंगे। साथ में बच्चों को प्रतियोगी स्पर्धा के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
गरीब और होनहार बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनमें सरकारी स्कूलों के शिक्षक निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। आर्थिक सहयोग के साथ पढ़ाने का कार्य भी निशुल्क कर रहे हैं। - श्याम लाल हांडा, शिक्षक एवं अध्यक्ष टीचर होम कमेटी