कुल्लू जिला के जिन्दौड़ सड़क पर टायरिंग करने में जुटी लोनिवि की मशीनरी।-संवाद
सैकड़ों की आबादी को गड्ढों से मिलेगी निजात
सड़क पर नौ करोड़ की राशि की जा रही है खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बरसात निपटते ही लोक निर्माण विभाग ने सड़कों को दुरुस्त करने का काम तेजी से शुरू कर दिया है। जिला मुख्यालय के साथ लगती बबेली से जिदौड़ सड़क में टारिंग का काम शुरू हो गया है।
रोलर और अन्य मशीनें कार्य में लगी हैं। करीब साढ़े आठ किलोमीटर लंबी सड़क में चार किलोमीटर के दायरे में पहले ही टारिंग की गई थी। आधे हिस्से में टारिंग का कार्य बचा हुआ था। अब चार किलोमीटर से अधिक हिस्से में टारिंग की जानी है। इस पर लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब नौ करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। टारिंग के बाद सड़क चकाचक होने से सैकड़ों की आबादी को गड्ढों से निजात मिलेगी। खास बात यह है कि टारिंग होने के बाद ग्रामीणों को अपने उत्पाद सब्जी मंडी बंदरोल तक लाना आसान हो जाएगा। भेखली के साथ लगते नल्हाच, जिंदौड़ क्षेत्र के गांवों के लोगों के लिए सब्जी मंडी आने के लिए यह सड़क सबसे सुगम होगी। ग्रामीणों के सेब, नाशपाती, प्लम, जापानी फल आदि मंडियों में पहुंचने से दागी नहीं होंगे। ग्रामीणों को अब सड़क में टारिंग का कार्य पूरा होने का इंतजार है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पवन कायथ ने कहा कि बबेली से जिंदौड़ सड़क में टारिंग का कार्य शुरू हो गया है। टारिंग के बाद क्षेत्र के बाशिंदों को सुविधा मिलेगी। ठेकेदार को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।