व्यापार मंडल मनाली ने नगर परिषद अध्यक्ष को सौंपा मांगपत्र
......................
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कूल्लू)। रामबाग में लगने वाली संडे मार्केट से स्थानीय व्यापारियों को अपना धंधा चौपट होने का डर सताने लगा है। हर रविवार लगने वाली मार्केट के खिलाफ व्यापार मंडल मनाली का प्रतिनिधिमंडल नगर परिषद अध्यक्ष चमन कपूर से मिला। व्यापार मंडल ने मांगपत्र सौंप कर संडे मार्केट बंद करने की गुहार लगाई है।
इस मार्केट से स्थानीय व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। साथ ही शहर में कोई खेल का मैदान न होने के कारण बच्चों को दिक्कतें हो रही हैं। व्यापार मंडल मनाली के महासचिव रजनीश शर्मा ने कहा कि नगर परिषद मनाली को पहले भी समस्या से अवगत करवाया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर ने कहा कि व्यापारियों की मांगें सुन ली गई हैं। मामला नगर परिषद के आगामी जनरल हाउस में रखा जाएगा । जो भी निर्णय होगा उससे व्यापार मंडल को अवगत करवाया जाएगा। संवाद