एनजीटी के आदेश के बाद कारोबार में मंदी का सामना कर रहे कारोबारियों के लिए जल्द एक अच्छी खबर मिल सकती है। सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो प्रशासन मनाली में विंटर कार्निवाल की तर्ज पर समर फेस्टिवल का आयोजन कर सकता है। इसके लिए खाका तैयार किया जा रहा है।
इस आयोजन में शरद सुंदरी की तर्ज पर ही मिस मनाली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के दौरान पिछले पांच सालों में विंटर कार्निवाल में वॉयस ऑफ कार्निवाल चुने गए कलाकारों को भी बुलाया जाएगा, जो यहां पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा इस दौरान यहां आने वाले सैलानियों को यहां की लोक संस्कृति से रूबरू करवाने के लिए लोकनृत्यों का भी आयोजन करने की योजना तैयार की जा रही है। इसमें कुल्लवी नाटी के अलावा लालड़ी नृत्य भी शामिल की जा सकती है। इस पूरे कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रशासन खाका तैयार करने में जुटा है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में किसी समय समर फेस्टिवल का आयोजन किया जाता था, लेकिन पिछले सात-आठ सालों से यह आयोजन नहीं हो रहा है। इससे फिर से शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
सब कुछ योजना अनुसार रहा तो इस कार्यक्रम का आयोजन अप्रैल या मई में हो सकता है। इसके बारे में एसडीएम मनाली ज्योति राणा का कहना है कि यहां आने वाले सैलानियों की संख्या और बढ़े तथा उन्हें हिमाचल की संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिले, इसी के मद्देनजर समर फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इसमें मिस मनाली प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्याएं भी आयोजित की जाएंगी।