सैंज घाटी के शैंशर स्कूल में आयोजित 23वीं खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता बुधवार को संपन्न हो गई हैं। 26 से 28 सितंबर तक चली इन खेलों के समापन अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता स्कूलों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। बंजार खंड की इन खेलों में आठ जोनों के 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें एकल गान में करटाह स्कूल की पूजा प्रथम रही है। वहीं सैंज की हेमलता दूसरे, चनौन की पायल को तीसरा स्थान मिला है। समूहगान में गुशैणी जोन पहले और चनौन जोन को दूसरा स्थान मिला है। लोक नृत्य में मंगलोर जोन ने बाजी मारी है। चनौन जोन दूसरे स्थान पर मिला है। एकांकी में मंगलोर जोन प्रथम रहा है।
छात्रा वर्ग के खो-खो में गुशैणी व लारजी क्रमश: पहले व दूसरे स्थान पर रहा है। छात्र वर्ग के कबड्डी में सैंज प्रथम और करटाह दूसरे स्थान पर रहा है। छात्र वर्ग के बैडमिंटन में करटाह अव्वल रहा है। चनौन दूसरे स्थान पर काबिज हुआ। छात्रा वर्ग में करटाह पहले और चनौन दूसरे स्थान पर काबिज हुए हैं। 50 मीटर दौड़ में सैंज के रोशन प्रथम रहे और चनौन के दिनेश दूसरे तथा इसी स्कूल के नितिश तीसरे स्थान पर रहे हैं। छात्र वर्ग के वालीबाल में करटाह और चनौन ने क्रमश: पहला व दूसरा स्थान हासिल किया है। सभी विजेता रही टीमों को मुख्य अतिथि ने इनाम देकर इस तरह की खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौके पर शैंशर स्कूल के प्रधानाचार्य दिनेश सिंह जंबाल तथा केंद्रीय पाठशाला शैंशर के प्रभारी लीलाधर शर्मा आदि मौजूद रहे।