मनाली के सोलंगनाला में हो रही बर्फबारी के बीच लगा जाम।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। छह दिन से जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति के लोग घरों में ही दुबकने को मजबूर हैं। शुक्रवार शाम से ऊंचाई वाले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश से सड़कें जलमग्न हो गई हैं। कई जगहों पर बारिश का पानी घरों में घुस रहा है। बर्फबारी के बीच मनाली सैर सपाटे को पहुंचे पर्यटक शनिवार को बर्फ देखने के लिए सोलंनगाला पहुंचे, लेकिन नेहरूकुंड से लेकर सोलंगनाला तक भारी जाम से परेशान होना पड़ा।
पलचान के आगे सड़क के दोनों किनारों पर बर्फ होने से घंटों तक सैलानी फंसे रहे। पर्यटकों को सोलंगनाला जाते और वापस मनाली लौटते वक्त बर्फ के फाहों में कड़ाके की ठंड में परेशान होना पड़ा है। वहीं जिला कुल्लू के साथ लाहौल-स्पीति के ग्रामीण इलाकों की अधिकतर सड़कें अवरुद्ध हैं। लाहौल-स्पीति में अभी छह दिन से करीब 150 सड़कों पर बर्फ जमी है। वहीं मनाली-से केलांग समेत मुख्य मार्ग पर अवरुद्ध रहे। जिला कुल्लू में 35 सड़कों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुल्लू डिविजन की चार, बंजार के दस, मनाली में दस तथा बाह्य सराज आनी में भी करीब 10 सड़कें बंद हैं। ऊंचाई वाले इलाकों के लोगों की कड़ाके की ठंड में पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। बंजार में सैलानी बर्फ देखने के लिए सोझा पहुंचे औरे जमकर मस्ती की। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि बर्फबारी व बारिश से ऊंचाई वाले इलाकों में हिमखंड गिरने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सैलानी सोलंगनाला और जलोड़ी दर्रा की तरफ न जाएं।