संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू/खराहल। मनाली विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले चार स्कूलों में शिक्षकों के खाली पद भरे जाएं। इसके लिए तीन पंचायतों के लोगों ने मंगलवार को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक और उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालयों का घेराव किया।
अभिभावकों ने प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक के कार्यालय के पास प्रदर्शन भी किया। इस मौके पर करीब 150 लोगों ने शिक्षा विभाग व शिक्षा मंत्री के खिलाफ खूब नारेबाजी की। इसमेें महिलाओं ने भी भाग लिया। अभिभावक पहले प्रारंभिक शिक्षा विभाग और बाद में उच्च शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के बाद प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने भी आनन-फानन में एक जेबीटी शिक्षक की सौर स्कूल में तैनाती के आदेश जारी कर दिए। पंचायत कराड़सू, तांदला और राउगी के चार स्कूलों में अध्यापकों के कई पद खाली चल रहे हैं। प्राथमिक स्कूल सौर, तादंला और सोयल स्कूल पिछले एक साल से एक-एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोयल में अंग्रेजी विषय का प्रवक्ता नहीं है। साथ ही शास्त्री का पद भी एक साल से खाली चल रहा है। इन पदों पर नियमित नियुक्ति नहीं होने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अंग्रेजी विषय का प्रवक्ता नहीं होने से विद्यार्थियों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। अभिभावक मोहर सिंह, मेहर चंद, पूर्व प्रधान कराड़सू पंचायत देवकी ठाकुर, महिला मंडल सौर प्रधान शितु देवी, अमरजीत, बालक राम, लालचंद, राम प्रकाश, पूर्व पंच हरि राम और पूने राम आदि ने कहा कि इस बारे में कई बार विभाग के आलाधिरियों से मिले, लेकिन शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई। सोयल स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के प्रधान भाग चंद, स्कूल सौर के एसएमसी प्रधान तोत राम और प्राइमरी स्कूल सोयल के अध्यक्ष राजू ने कहा कि बार-बार खाली पदों को भरने के लिए विभाग व शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर से मांग की गई। मजबूरन ही लोगों को शिक्षा विभाग के कार्यालय के सामने प्रदर्शन करना पड़ा। उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरजीत राव ने कहा कि प्राथमिक स्कूल सौर के लिए एक जीबीटी शिक्षक के आदेश कर दिए हैं, जबकि अन्य स्कूलों के लिए शिक्षकों को डेपुटेशन पर भेजा जाएगा। इसकी भी प्रक्रिया विभाग ने शुरू कर दी है। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक शांति लाल शर्मा ने कहा कि स्कूल में रिक्त पदों को भरने के लिए शिक्षा मंत्री व विभाग को अवगत करवाया जाएगा।
विवश होकर करना पड़ा प्रदर्शन : खेख राम
कराड़सू पंचायत के समिति सदस्य खेख राम ठाकुर ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई के प्रति चिंतित हो गए। कई बार शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर से खाली पदों को भरने के लिए आग्रह किया। विभाग और शिक्षा मंत्री ने इस पर गंभीरता से पहल नहीं की। ऐसे में लोगों को मजबूर होकर प्रदर्शन करना पड़ा।