तहसीलदार की अगुवाई में पहुंची टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। ढालपुर में सजी अस्थायी मार्केट में वीरवार को दुकानों को खाली किया गया। तहसीलदार कुल्लू की अगुवाई में काफी अधिक दुकानों को खाली करवाया गया। तहसीलदार की अगुवाई में टीम दुकानें खाली करवाने के लिए पहुंची तो यहां पर व्यापारियों में अफरा तफरी मच गई। सख्ती के बाद अधिकतर व्यापारियों ने सामान समेट लिया है। डोम से भी दुकानें खाली की गईं।
नगर परिषद की ओर से लगातार व्यापारियों से दुकानें खाली करने की अपील की जा रही थी। कई व्यापारी दुकानदारी सजाए हुए बैठे थे। नगर परिषद की ओर से दिए गए समय के बावजूद व्यापारी मैदान में डटे हुए थे। अब सख्ती के बाद उम्मीद की जा रही है कि एक-दो दिनों में ढालपुर मैदान खाली हो जाएगा। इसके बाद मेला मैदान में लोग पहले की तरह सुकून के दो पल बिता सकेंगे। तहसीलदार कुल्लू हरी सिंह यादव ने कहा कि अस्थायी मार्केट से दुकानें खाली करवाई गई हैं। संवाद