बंजार (कुल्लू)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बंजार उपमंडल में 62 करोड़ की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने नागरिक अस्पताल बंजार की विस्तर क्षमता बढ़ाने के साथ ही यहां विशेषज्ञ और चिकित्सकों के अतिरिक्त पद भरने की भी घोषणा की।
उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्र जिभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुशैणी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने जबकि सरूट और कांडी में प्राथमिक पाठशालाएं खोलने की घोषणा की। जयराम ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला रंबी और शरी को माध्यमिक पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने, मझली और सराची को उच्च पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुजाली में विज्ञान और चनोग में वाणिज्य संकाय की कक्षाएं शुरू करने, बठाहड़ में कनिष्ठ अभियंता अनुभाग खोलने और क्षेत्र के पशु औषधालय को पशु अस्पताल में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की।
इससे पहले जयराम ने शाई रोपा में 3.29 करोड़ से निर्मित नेचर पार्क का भी लोकार्पण किया। उन्होंने बंजार तहसील के पालगी ढलां, रोटे भलां, मुहान-गड़सा-रैला, धाड़ा, तलाड़ा, रोहन, दोनाल कशाड़ी, धाड़ी, फलाण, कोठी चैणी, खड़ागाड, सेरी, बलगाड़, तांदी-चेथर, पेखरी, शराची, लेदा, तिलडु, थाटीबीड़, रतवा इत्यादि के लिए जल जीवन मिशन के तहत 25.46 करोड़ से निर्मित होने वाली जलापूर्ति योजना, ग्राम पंचायत खड़ागाड और हिड़ब-सजवाड़, सारथी बांदल के लिए 3.10 करोड़ से निर्मित होने वाली जलापूर्ति योजना, बंजार के लिए 18 करोड़ की मल निकासी योजना और बंजार में 7.20 करोड़ से निर्मित होने वाली कृषि उत्पाद विपणन समिति की सब्जी मंडी का शिलान्यास किया।