अंडर-14 और अंडर-19 छात्र-छात्रा वर्ग की प्रतियोगिताओं का शेड्यूल तय
खंड और जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन के लिए स्थान किए चिह्नित
शिक्षा विभाग ने प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को दिए तैयारी करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के सातों शिक्षा खंडों में अगस्त और सितंबर के बीच स्कूली खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हो सकती हैं। अंडर-14 और अंडर 19 छात्र-छात्रा वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए शिक्षा विभाग और स्कूली क्रीड़ा संगठन ने प्रस्तावित शेड्यूल तय कर दिया है।
हालांकि, 25 जुलाई को होने वाली राज्य स्तरीय बैठक में फाइनल शेड्यूल जारी होगा। इससे पहले विद्यालयों को प्रतियोगिताओं के संचालन का जिम्मा सौंपा दिया है।
खंड स्तर पर छात्र वर्ग की खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नग्गर, भल्याणी, गड़सा, जिभी, डिगेहड़ और नित्थर में होगी। छात्रा वर्ग की प्रतियोगिता गोशाल, खराहल, भुंतर, बंजार, खनाग और बागीपुल में करवाई जाएगी। जिला स्तरीय छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता शहीद बालकृष्ण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय कुल्लू, छात्रा वर्ग की प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बजौरा में होगी। छात्र-छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैंज में करवाई जाएगी। गुणवत्ता शिक्षा उपनिदेशक डॉ. सुनील दत्त और उच्च शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा ने कहा कि विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को खेलों और सास्कृतिक प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन की तैयारियां पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।