कुल्लू। उपमंडल पांगी की ग्राम पंचायत करयूनी में सिद्ध बाबा को समर्पित दो दिवसीय सांज जातर मेले का शनिवार को आगाज हुआ। मेले के दौरान दिन में स्थानीय कारदारों ने विश्व कल्याण के लिए विशेष पूजा-अर्चना की, जबकि रात को स्थानीय युवक मंडल की ओर से सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई। इसमें लाहौल और पांगी के स्टार कलाकारों ने लाहौली और पांगवाली गीतों की प्रस्तुतियां देकर लोगों का मनोरंजन किया।
वहीं, ऐतिहासिक मिंधल माता मंदिर में मिंध्लियाच दो दिवसीय जातर मेला भी आयोजित किया जा रहा है। यह मेला हर वर्ष पूर्णिमा के दिन आयोजित होता है। शनिवार को दिनभर मिंधल माता मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माथा टेका। रविवार रात पूर्णिमा के अवसर पर मेले का मुख्य आयोजन होगा। सबसे पहले पवित्र मलाशल के साथ माता के कारदार रथ यात्रा निकालेंगे। मिंध्लियाच मेले में शामिल होने के लिए लाहौल के तिंदी गांव से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। संवाद