दरमेहड़ा के समीप पहाड़ी से सड़क पर आया मलबा, मार्ग के दोनों ओर लगीं वाहनों की कतारें
बारिश के बीच ग्रामीण होते रहे परेशान, पीडब्ल्यूडी कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से बहाल की सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली (कुल्लू)। जिला कुल्लू की सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए तीन घंटे तक बंद रही। दरमेहड़ा के समीप बुधवार सुबह करीब 08:30 बजे भूस्खलन हो गया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई।
सड़क बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। बारिश के बीच ग्रामीणों खासकर मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण अपने गंतव्य तक समय पर नहीं पहुंच पाए।
हालांकि, ग्रामीणों ने सड़क पर पहाड़ी दरकने के कारण मलबा और पेड़ गिरने की सूचना लोक निर्माण विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद विभागीय कर्मी और मशीनरी मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद 11:30 बजे सड़क को आवाजाही के लिए बहाल किया गया। गौर रहे कि सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क जुलाई 2023 से लगातार भूस्खलन की चपेट में आ रही है। इस कारण पांच ग्राम पंचायतों गाड़ापारली, देहुरीधार, शांघड़, शैंशर और सुचैहण के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता चमन ने कहा कि सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है।