केलांग में हुई ताजा बर्फबारी।-पाठक
सर्दियों के मौसम में अब पहले की तरह जिंदगी और मौत से जंग नहीं लड़ते मरीज
लाहौल के लोगों के लिए वरदान बनी अटल टनल रोहतांग, जल्द मिल रहा उपचार
दिनेश जस्पा
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। सर्दियों के मौसम में मरीजों को जिंदगी और मौत से जंग लड़ने की समस्या से छुटकारा मिल गया है। अब बर्फबारी थमते ही बीआरओ के जवान सड़क से बर्फ हटाने में मोर्चा संभाल लेते हैं। मार्ग बहाल होने से गंभीर मरीजों को जल्द उपचार मिल रहा है।
अटल टनल रोहतांग बनने से पहले हेलिकाप्टर के इंतजार में न जाने कितनों ने अपनों को खो दिया। अटल टनल लाहौल के लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। बर्फबारी के तुरंत बाद स्तींगरी में तैनात बीआरओ की 70 आरसीसी जिस्पा से मनाली के बीच, उदयपुर में तैनात 94 आरसीसी के जवान 140 किमी तांदी से हिमाचल सीमा संसारीनाला तक सड़क बहाली के कार्यों में जुट जाते हैं।
मंगलवार रात से बुधवार दोपहर तक घाटी में जमकर बर्फबारी हुई है। इस बीच भी सीमा सड़क संगठन ने अपना काम नहीं रोका। संगठन के अधिकारियों का कहना है कि वीरवार को मौसम ने साथ दिया तो कार्य को युद्ध स्तर पर अंजाम दिया जाएगा। लाहौल निवासी सुख चंद (79) और मान दास (83) ने बताया कि टनल से पूर्व सर्दी के दिनों मरीजों की जान पर बन आती थी। अटल टनल बनने से खासकर मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
सीएमओ केलांग डाॅ. रोशन लाल ने कहा कि उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में सीएमओ का कार्यभार संभाले दो साल हो गए हैं। अब तक रेफर मरीज के घाटी में फंसने की कोई शिकायत नहीं आई है। पहले भी जब बर्फबारी के बीच केलांग में एक जेई बीमार हुए थे, उन्हें लिफ्ट करने के लिए हेलिकाप्टर की भी सिफारिश हुई, लेकिन अगले दिन बीआरओ ने सड़क बहाल कर दी। इससे मरीज समय पर जिले से बाहर उपचार के लिए पहुंच गया।