रुसा प्रणाली के कारण छात्रों का नहीं आ रहा परीक्षा परिणाम
- फोटो : अमर उजाला
कुल्लू कॉलेज में 348 छात्र-छात्राओं के दूसरे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम दो साल बीत जाने के बाद भी अधूरा है। इन छात्रों के किसी के एक तो कहीं किसी के दो पेपर का परिणाम अभी नहीं आया है। हालांकि यह छात्र-छात्राएं छठे सेमेस्टर में प्रवेश कर चुके हैं। ऐसे में छठा सेमेस्टर पूरा करने के बाद जब यह छात्र किसी संस्थान में जाएंगे तो इन छात्रों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
छात्र अनीता, अशोक कुमार, बबीता, प्रिया, सौरभ, अनुज और अमित के अनुसार रूसा प्रणाली की वजह से उन्हें मानसिक परेशानी के दौर से गुजरना पड़ा है। उनके द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम अभी तक नहीं आया है। जिसे दो साल हो चुके हैं। अभी तक रिजल्ट का कोई अता-पता नहीं है। तीन माह बाद उनकी डिग्री पूरी हो जाएगी। लेकिन पिछला रिजल्ट नहीं आनेे से उन्हें किसी अन्य संस्थान में प्रवेश नहीं मिल पाएगा। कुल्लू कॉलेज के प्रधानाचार्य नंदलाल शर्मा का कहना है कि पेपर चैक होने के लिए सरकाघाट कॉलेज भेजे गए थे, जो अब यूनिवर्सिटी चले गए हैं। मामले को लेकर विश्वविद्यालय को प्रपोजल दिया जाएगा।