मलाणा गांव जल्द सड़क सुविधा से जुड़ेगा
- फोटो : अमर उजाला
विश्व पटल में विख्यात और सड़क सुविधा को तरस रहा मलाणा गांव अब जल्द ही सड़क सुविधा से जुड़ जाएगा। यह आश्वासन कुल्लू सदर के विधायक एवं हिलोपा सुप्रीमो महेश्वर सिंह ने मलाणा में आयोजित प्रशासन जनता के द्वारा कार्यक्रम के दौरान लोगों को दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम कुल्लू रोहित राठौर ने की। विधायक महेश्वर सिंह ने कहा कि मलाणा गांव को इसी साल जीप योग्य सड़क से जोड़ा जाएगा। इसके लिए मलाणा के लोगों ने भी जमीन दान देने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने सरकार को सुझाव दिया है कि नशे की खेती के बदले में मलाणा के लोगों को जो भी विकल्प दिया जाता है उसकी सरकार को मार्केटिंग भी करनी चाहिए जिससे उन्हें उसके बदले में बाजार भाव भी अच्छा मिल सके। विधायक ने इस दौरान गांव के लोगों की समस्या सुनी और मौके पर ही निपटारा किया। उन्होंने कहा कि एक वर्ष के भीतर मलाणा के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण किया जाएगा।
बिजली समस्या से निपटने के लिए बोर्ड दो महीने के भीतर मलाणा के लिए बिजली के पोल स्थापित करेगा। बिजली मीटर के आवेदन पर घर में तय समय के भीतर कनेक्शन उपलब्ध करवाया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार भुंतर एसपी जस्वाल, तहसील कल्याण अधिकारी सुमीर वैद्य, जिला हिलोपा के अध्यक्ष गोपी चंद शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र शर्मा सहित सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी, बिजली, एचआरटीसी, आयुर्वेदिक, स्वास्थ्य विभागों, सहकारिता, वन विभाग और मलाणा-1 और मलाणा दो के अधिकारी भी मौजूद रहे।