खराहल (कुल्लू)। वामतट के छरूडू नामक स्थान पर 10 जुलाई 2023 को ब्यास नदी में बाढ़ आने सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क को तो बहाल कर दिया है। मगर एक साल बाद भी सड़क के किनारे आरसीसी का डंगा नहीं लगा है। टारिंग का कार्य भी नहीं हुआ है। ऐसे में वामतट की 12 पंचायतों के हजारों लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वामतट की पंचायत न्योली की पूर्व प्रधान निर्मला देवी, काईस पंचायत प्रधान शीला पठानिया, काईस पंचायत पूर्व उपप्रधान मोहर सिंह, किसान सभा के उपाध्यक्ष देवराज नेगी और प्रेम नेगी ने कहा कि गत वर्ष जुलाई में छरूड़ू में सड़क ब्यास नदी आई बाढ़ की जद में आ गई थी। सड़क पूरी तरह से बह गई थी। मगर एक साल बीत जाने के बाद भी सड़क की दशा नहीं सुधरी है।
घाटी में सेब और नाशपाती का सीजन अगले महीने आरंभ होने वाला है और इन दिनों प्लम का सीजन चल रहा है। सड़क की खस्ताहालत के कारण बागवानों को परेशान होना पड़ा रहा है। मगर लोक निर्माण विभाग कोई सुध नहीं ले रहा। क्षेत्र की 12 पंचायत के तमाम जनप्रतिनिधियों ने सरकार और लोक निर्माण विभाग से गुहार लगाई है कि सेब सीजन से पहले सड़क को दुरूस्त किया जाए। अन्यथा किसान व बागवान सड़क पर उतरने से गुरेज नही करेंगे।
सड़क में डंगा लगाने के लिए बजट की स्वीकृति के लिए प्रपोजल मंडी भेज दिया है। जैसे ही स्वीकृति मिलेगी, इस जगह में डंगा लगा दिया जाएगा।
- पवन काईथ, सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी, मनाली