कुल्लू। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से कुल्लू में 14 जून को 8वां राज्य स्तरीय मेगा मॉक अभ्यास किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्लेशियर झील फटने से आई बाढ़, भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के लिए तत्परता और प्रतिक्रिया को बढ़ावा देना है। जिला कुल्लू में हर उपमंडल में यह मॉक ड्रिल होगी।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यकारी अधिकारी अश्वनी कुमार ने कहा कि सभी शैक्षणिक संस्थानों में 14 जून, 2024 को सुबह 11:00 बजे निष्कासन ड्रिल और हेड काउंट अभ्यास किया जाएगा। इससे आपदा के दौरान सभी अपनी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों को समझ सकेंगे। जिला के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में यह अभ्यास करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले साल कुल्लू जिले में जुलाई के महीने में आपदा आई थी, जिसमें काफी अधिक नुकसान हुआ था। लोग जब आपदा से निपटने के लिए तैयार रहेंगे तो नुकसान भी कम होता है। इस तरह की मॉकड्रिल लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगी। उन्होंने कुल्लू जिला की जनता से अपील करते हुए कहा है कि वे इस मॉक अभ्यास के दौरान घबराएं नहीं और जिला प्रशासन के साथ सहयोग करें।
इस अभ्यास के माध्यम से जिला कुल्लू की जनता में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे आपातकालीन स्थितियों में बेहतर तरीके से प्रतिक्रिया कर सकेंगे। हर उपमंडल में होने वाली मॉकड्रिल के संबंध में दिशानिर्देश दिए गए हैं।