कुल्लू जिला में बर्फबारी के कारण बंद बिजली की लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे कर्मी।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू/केलांग। कुल्लू और लाहौल-स्पीति में धूप खिलने के बाद दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। सप्ताह से हो रही भारी बर्फबारी ने दोनों जिलों के ग्रामीणों का दर्द बढ़ाया है। जनजीवन पूरी तरह से ठहर गया है। कुल्लू और लाहौल में भारी बर्फबारी से 193 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। बसों और अन्य वाहनों के पहिये थम गए हैं। कुल्लू की 50 और लाहौल-स्पीति की 143 सड़कें शामिल हैं। जबकि दोनों जिलों में 181 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं। इससे लगभग 400 गांवों में ब्लैकआउट है। ग्रामीण को सर्द रातें अंधरे में ही गुजारनी पड़ रही हैं। वहीं लाहौल और कुल्लू में कड़ाके की ठंड से दर्जनों पेयजल योजनाएं भी जम गई हैं। जिससे कई गांवों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीण को कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। हालांकि बीआरओ व लोक निर्माण विभाग ने अपने कामगारों और मशीनरियों के साथ बंद पड़ी सड़कों को बहाल करने का काम शुरू कर दिया है। वहीं बिजली बोर्ड के कर्मचारी भी बर्फ में पैदल चलकर बिजली बहाली कर रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने बेलचा से घरों की छतों से बर्फ को हटाया है। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि बर्फबारी से बंद पड़ी सड़कों और बिजली ट्रांसफार्मर को बहाल करने का काम जारी है। लोक निर्माण विभाग और बिजली को निर्देश जारी किए हैं ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।