यात्रा के दौरान श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने, रास्ता पार करवाने में मदद करेगी टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। श्रीखंड महादेव यात्रा (14 से 27 जुलाई) में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संबद्ध खेल संस्थान की रेस्क्यू टीम वीरवार को बेस कैंप पार्वती बाग पहुंच गई है। नौ जुलाई को यह टीम मनाली से रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को रास्ता पार करवाने या मौसम खराब होने की स्थिति में बचाकर सुरक्षित वापस लाने का कार्य टीम के सदस्य करेंगे।
श्रीखंड महादेव की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने, हादसे होने आदि की स्थिति में रेस्क्यू टीम की जरूरत रहती है। इसको देखते हुए प्रशासन से अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संबद्ध खेल संस्थान मनाली से रेस्क्यू टीम भेजने की सिफारिश की थी। इसके बाद संस्थान ने 16 सदस्यों की टीम को श्रीखंड महादेव के लिए रवाना किया। संस्थान के अनुदेशक टेक चंद की अगुवाई में यह टीम कार्य करेगी। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान के निदेशक अविनाश नेगी ने कहा कि 9 जुलाई को टीम मनाली से रवाना हुई थी। वीरवार को यह टीम पार्वती बाग पहुंची, अब यह टीम बेस कैंप में रहेगी। जरूरत पड़ने पर टीम रेस्क्यू अभियान चलाएगी।