एक सप्ताह पहले आधी रात को पंप हाउस के तार काट गए थे शातिर
जलशक्ति विभाग ने तीन लाख रुपये खर्च कर दुरुस्त की पेयजल योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ लगते खराहल क्षेत्र की नौ पंचायतों को पेयजल की सुविधा प्रदान करने वाली 16-टंकी उठाऊ पेयजल योजना फिर सुचारू हो गई है। पेयजल योजना के पंप हाउस से अब पानी ब्यास नदी से लिफ्ट कर 16 टंकी तक पहुंचना शुरू हो गया है।
करीब एक सप्ताह पहले आधी रात को शातिर पंप हाउस में आ गए थे। शातिरों ने यहां तार चुराकर नुकसान पहुंचाया था। इसके बाद जल शक्ति विभाग ने तार और अन्य सामान मंगवाया था। इसके बाद पंप हाउस को दूसरी बार दुरुस्त करने में करीब तीन लाख से अधिक खर्च आया। अब 16 टंकी उठाऊ पेयजल योजना सुचारू हो गई है। ऐसे में लोगों को राहत मिली है।
गौर रहे कि खराहल घाटी की नौ पंचायतों के लिए करोड़ों की लागत से उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण किया गया है। इसका फायदा भी खराहल क्षेत्र की जनता को मिल रहा है। उठाऊ पेयजल योजना से हजारों की आबादी जुड़ी है। गौर रहे कि खराहल क्षेत्र में अकसर पेयजल की समस्या रहती थी। गर्मियों के दिनों में यह समस्या और बढ़ जाती है, लेकिन उठाऊ पेयजल योजना शुरू होने से अब इस तरह की परेशानी नहीं आ रही है। उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित ने कहा कि 16-टंकी उठाऊ पेयजल योजना सुचारू हो गई है।
एक लाइन हिमस्खलन गिरने से हुई क्षतिग्रस्त
खराहल के अपर क्षेत्र के लिए एक पेयजल लाइन भी हिमस्खलन के चलते प्रभावित हुई है। हिमस्खलन के कारण पेयजल की लाइनें टूट गई हैं। इन्हें जल शक्ति विभाग ठीक करवा रहा है। विभाग के अधिकारियों की मानें तो रविवार तक टूटी हुई लाइन को दुरुस्त कर लिया जाएगा।