खाद्यान्नों की गुणवत्ता गोदामों का
निरंतर करें निरीक्षण : कत्याल
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 प्रभावी पालना करें सुनिश्चित
राज्य खाद्य आयोग अध्यक्ष ने अधिनियम 2013 की समीक्षा बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पीडीएस खाद्यान्नों की सप्लाई चेन से लेकर लाभार्थियों तक वितरण के हर एक स्तर पर गुणवत्ता और मात्रा का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उचित मूल्य की दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, मिड-डे-मील प्रदान करने वाले विद्यालयों तथा थोक गोदामों का निरंतर निरीक्षण किया जाए ताकि खाद्यान्नों की उपलब्धता और गुणवत्ता बनी रहे। खाद्यान्न वितरण प्रणाली और सरकार की नीतिगत प्रावधानों के महत्व के बारे में उपभोक्ताओं को शिक्षित एवं जागरूक किया जाए जिससे उपभोक्ता अपने अधिकारों और योजनाओं के महत्व को समझ सकें। यह बात राज्य खाद्य आयोग अध्यक्ष डॉ. एसपी कत्याल ने कुल्लू में कही।
जिला मुख्यालय कुल्लू में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को समीक्षा बैठक हुई। इसमें राज्य खाद्य आयोग अध्यक्ष ने बंजार उपमंडल में खाद्यान्न गोदाम निर्माण के लिए उचित स्थान पर भूमि का चयन, ऐसे आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची उपलब्ध करवाने जिनमें तीन से छह वर्ष के बच्चे या धात्री महिलाएं नहीं हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग को भूमि की उपलब्धता वाले सभी स्कूलों की जानकारी उपलब्ध करवाने तथा ऐसे सभी स्कूलों में किचन गार्डन तैयार करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 तथा खाद्य सुरक्षा के सभी कार्यों को अमलीजामा पहनाने के निर्देश दिए। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग शिव राम ने बताया गया कि जिले में कुल 47340 राशनकार्ड धारकों के माध्यम से 1,71,967 लाभार्थियों को प्रति माह सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नियमित रूप से आवंटित किए जा रहे हैं। उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग सुनील ठाकुर ने बताया विभाग द्वारा कुल 35,118 पात्र विद्यार्थियों को 1,006 पाठशालाओं के माध्यम से नियमित रूप से मिड-डे-मील उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी कुंदन लाल ने बताया कि विभाग द्वारा 1,860 गर्भवती महिलाओं, 1,848 धात्री माताओं तथा छह वर्ष आयु वर्ग के 11,425 शिशुओं एवं बच्चों को 1,095 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषणयुक्त आहार एवं खाद्यान्न उपलब्ध करवाया जा रहा है।