60 फीसदी दुकानें रहीं बंद, लोग भी नहीं निकले
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पीपल जातर मेले का सोमवार को बारिश ने मजा किरकिरा कर दिया। बारिश के चलते अस्थायी मार्केट ढालपुर में रौनक गायब रही। करीब 60 फीसदी दुकानें बंद रहीं। डोम के अंदर सजी दुकानें खुलीं रहीं। व्यापारी ग्राहकों का इंतजार करते रहे। 30 अप्रैल तक होने वाले पीपल जातर मेले के दूसरे दिन कारोबार मंदा रहा।
सोमवार सुबह जब बारिश का सिलसिला शुरू हुआ तो व्यापारियों ने अपनी दुकानों से सामान समेटने का काम शुरू कर दिया। अस्थायी मार्केट में दुकानदारों ने दुकानों को तिरपाल से ढककर ही रखा। दोपहर बाद बारिश ने रफ्तार पकड़ी तो उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। मेले के लिए इस बार व्यापारियों ने महंगे दाम पर प्लॉट खरीदे हैं।
अगर इसी तरह से मौसम ने व्यापारियों को परेशान किया तो उन्हें घाटा उठाना पड़ेगा। दूसरी ओर नगर परिषद को इस बार प्लॉट महंगे बिकने के कारण पिछले साल के मुकाबले अधिक राजस्व मिला है। इस संबंध में नगर परिषद कुल्लू के ईओ अनुभव शर्मा ने कहा कि मेले के लिए व्यापारियों को 12 मई तक का समय दिया गया है। संवाद