पतलीकूहल (कुल्लू)। पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि गड़सा घाटी के माहून गांव में प्रवासी मजदूरों द्वारा गोमाता की हत्या करना निंदनीय है। दोषियों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करें। मामला सामने आने के बाद अब क्षेत्र के लोगों में समुदाय विशेष के प्रति रोष भी पनप रहा है।
पतलीकूहल में प्रेसवार्ता करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि तीन अगस्त को गो हत्या के विरोध में सरवरी के नेहरू पार्क से लेकर ढालपुर तक विभिन्न संगठनों और देव समाज से जुड़े लोग शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। लोगों के बीच जन जागरण अभियान भी चलाया जाएगा। पिछले दिनों ही मनाली के मढ़ी और लाहौल में भी स्थानीय लोगों के द्वारा पशु तस्करी कर रहे एक ट्रक के साथ चालक को पकड़ा था, उसके बाद लाहौल में भी इस तरह की घटना सामने आई थी।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में आए दिन गो तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार इन्हें रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। लगता है कि पशु तस्करों को सरकार का संरक्षण है। प्रदेश की जनता इस बात को बिल्कुल भी सहन नहीं करेगी। गो हत्या को लेकर जिला देव समाज में भी रोष जताया और इसको लेकर हुई बैठक में रैली में भाग लेने का निर्णय लिया है।