कुल्लू। कोरोना के मामले फिर से देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। जिला कुल्लू में भले ही कोरोना का कोई मामला सामने नहीं आया है।
इसके बावजूद विभाग तैयारी में जुट गया है। कोरोना मामलों की पुष्टि के लिए आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्ट किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसके लिए बाकायदा मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से हिदायत दी गई है। विभाग ने शिमला निदेशालय को टेस्ट किट का ऑर्डर दिया है।
जिला कुल्लू में कोरोना संक्रमण न फैले। इसके लिए सभी तरह की विभागीय तैयारियां की जा रही हैं। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में डेडिकेटेड कोविड स्वास्थ्य केंद्र (डीसीएचसी) और सारी (सस्पेकटिड) वार्ड बनाने के लिए भी विभाग ने स्थान चिह्नित कर दिया है।
इसके अलावा सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों नग्गर, जरी, बंजार, आनी और निरमंड को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे कोरोना के लक्षणों वाले मरीजों के सैंपल लेने की तैयारी करें और समय रहते सैंपल के लिए आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्ट किट की व्यवस्था करें।