कुल्लू के बस स्टैंड में पसरी गंदगी।
कुल्लू। अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) कुल्लू में गंदगी का आलम है। बस अड्डा में चारों ओर कूड़ा-कचरा फैला हुआ है। इससे बस अड्डा में आने वाले स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हर तरफ फैले कचरे की बदबू से लोग परेशान हैं। आधुनिक बस अड्डा में रोजाना हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था चरमरा जाने से गंदगी से रूबरू होना पड़ रहा है। बस अड्डा का रखरखाव कर रही कंपनी पर भी लोगों ने सवाल उठाने आरंभ कर दिए हैं।
जिला मुख्यालय कुल्लू के सरवरी में बस अड्डे का बहुमंजिला आलीशान भवन बनाया गया है। इस भवन में लोगों की सुविधा की हर व्यवस्था है, लेकिन गंदगी पसरने से परेशानी बढ़ रही है। बस अड्डा कुल्लू पहुंचे यात्री माधव कैलाश शर्मा, रोहित कुमार, अंशुल, आशीष, विनीता, राजेश्वरी और सीमा ने कहा कि बस अड्डा में हर जगह गंदगी के ढेर हैं। बोतलें ही बोतलें बिखरी पड़ी हैं, जो कुल्लू की छवि पर दाग लगा रही हैं। उन्होंने कहा कि बस अड्डा प्रबंधन को सफाई व्यवस्था की ओर अतिरिक्त ध्यान देना चाहिए, ताकि कुल्लू की स्वच्छ छवि धूमिल न हो। इस संबंध में आईएसबीटी कुल्लू के प्रभारी दीक्षित ने कहा कि मामला ध्यान में नहीं है। वह स्वयं व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे और खामियों को सुधारा जाएगा। संवाद