डेढ़ साल में तैयार करने का लक्ष्य, विधायक गौड़ ने किया शिलान्यास
अब उपचार के लिए लिए क्षेत्र के मरीजों को नहीं पड़ेगा भटकना
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ सटे भेखली क्षेत्र के ग्रामीणों को अब उपचार संबंधी सुविधाएं घर-द्वार के समीप मिलेंगी। मनाली विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भेखली का विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने विधिवत शिलान्यास किया।
इससे निजी भवन में चल रहे पीएचसी को अब जल्द अपना भवन मिलेगा। स्थानीय ग्रामीणों को इसका प्रत्यक्ष तौर पर फायदा मिलेगा।
गौर रहे कि पीएचसी भेखली के दो मंजिला भवन को तैयार करने के लिए डेढ़ साल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके निर्माण पर 1.33 करोड़ का बजट खर्च किया जा रहा है। इसकी धरातल मंजिल में सामान्य और डेंटल ओपीडी, फार्मासिस्ट रूम और प्रयोगशाला रहेगी जबकि ऊपरी मंजिल में चिकित्सा अधिकारियों के लिए आवास की सुविधा रहेगी। हालांकि, वर्तमान समय में पीएचसी एक निजी भवन में चल रही है। इस कारण मरीजों के उपचार में समस्या आ रही है लेकिन अपना भवन मिलने से इस समस्या का स्थायी समाधान होगा। सामान्य ओपीडी के अलावा दंत ओपीडी का भी ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। मरीजों को अब उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उधर, विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता हमेशा आम जनता का स्वास्थ्य, सम्मान और सुविधा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार का संकल्प है ताकि किसी मरीज को उपचार के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि यह महज शिलान्यास नहीं, बल्कि जनकल्याण की नींव है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कर्णजीत आदि उपस्थित रहे।