कुल्लू। जिला कुल्लू में घरेलू गैस सिलिंडरों की सप्लाई दो सप्ताह से नहीं आ रही है। इस कारण शहर के साथ ग्रामीण इलाकों को घरेलू गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। बुकिंग करने के 10 से 12 दिन बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है।
लोगों को गैस सिलिंडर के लिए परेशान होना पड़ रहा है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए जिला खाद्य विभाग ने गैस एजेंसियों को अपनी निगरानी में ले लिया गया है और रोटेशन पर तीसरे और चौथे दिन गैस सिलिंडर की गाड़ियों की सप्लाई की जा रही है।
कुल्लू शहर में रोज 400 घरेलू गैस सिलिंडरों की जरूरत है। यहां पर तीन-चार दिन बाद ही 150 से 200 गैस सिलिंडर मिल रहे हैं। जानकारी के अनुसार जिले के बाह्य सराज, आनी, निरमंड, कुल्लू और मनाली में हर दिन 1,500 गैस सिलिंडर की खत्म होती है। पिछले दो सप्ताह से मात्र 400 से 500 गैस सिलिंडर ही मिल रहे हैं, वे भी तीन और चार दिन बाद।
उपभोक्ता तेज राम, हितेंद्र सिंह, जगदीश ठाकुर तथा सुरेश शर्मा ने कहा कि तीन सितंबर को बुकिंग की है। अभी तक उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल पाए हैं। उन्हें पड़ोसियों से गैस सिलिंडर मांग कर गुजारा करना पड़ रहा है।
सरवरी में इंडेन गैस एजेंसी के संचालक राजीव तलवार ने कहा कि जुलाई से घरेलू गैस सिलिंडर की उचित सप्लाई नहीं हो रही है। उनकी रोज की डिमांड 400 सिलिंडर की रहती है, मगर इन दिनों तीसरे दिन 200 सिलिंडर ही मिल रहे हैं। कहा कि ऊना प्लांट से गैस सिलिंडर की सप्लाई नहीं होने से समस्या आ रही है।
.........................
ऊना स्थित प्लांट में घरेलू गैस सिलिंडर की सप्लाई के लिए ट्रांसपोर्ट (परिवहन) की प्रक्रिया किन्ही कारणों से रुकी है। इस कारण इंडेन की सप्लाई बाधित हो रही है। जो गैस सिलिंडर आ रहे हैं, उन्हें रोटेशन पर दिया जा रहा है।
-शिवराम राही, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक
.......संवाद