कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ने ज्वाइनिंग कर ली है। इससे करीब छह माह बंद रही बाल रोग की ओपीडी दोबारा शुरू हो गई है। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक आने से लोगों को बच्चों के उपचार के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। इससे कुल्लू के अलावा मंडी, चंबा और लाहौल-स्पीति के लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
हालांकि शिशु रोग विशेषज्ञ न होने के चलते लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। कुल्लू अस्पताल में डॉ. राजेश मेहता के आने से शिशु रोग विशेषज्ञ के दो पदों में एक भर गया है। अभी भी अस्पताल में एक शिशु रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त है। शहरवासी राजेंद्र सूद, अमित, विवेक कुमार, दिनेश शर्मा, रवि, मोहित ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में बच्चों के डॉक्टर की तैनाती होने से अब उपचार संबंधी समस्या काफी कम हुई है। दूसरे चिकित्सक का पद भी जल्द भरा जाए। उधर, इस संबंध में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश ने कहा कि शिशु रोग विशेषज्ञ ने ज्वाइन कर दिया है। चिकित्सक ने ओपीडी में अपनी सेवाएं देना शुरू किया है। कहा कि डॉक्टर के आने से जनता को काफी लाभ मिलेगा।