किसानों और बागवानों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
नग्गर (कुल्लू)। जिले के ऐतिहासिक गांव नग्गर को कुल्लू-मनाली हाईवे के साथ जोड़ने का कार्य जारी है। लोक निर्माण विभाग ने पतलीकूहल-नग्गर सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करने का लक्ष्य 15 सितंबर का रखा है।
ऐसे में उम्मीद है कि सोमवार को पतलीकूहल से नग्गर और नग्गर से पतलीकूहल की ओर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होगी।
गौरतलब है कि 26 अगस्त को ब्यास नदी में आई बाढ़ से पतलीकूहल में स्थित वाहन योग्य पुल के एक छोर से सड़क बह गई थी। इस वजह से पतलीकूहल और नग्गर का संपर्क कट गया था। इससे ऊझी घाटी का राइट और लेफ्ट बैंक के लोगों का आपसी संपर्क प्रभावित हुआ है। इससे सबसे अधिक परेशानी लेफ्ट बैंक में स्थित सैकड़ों किसानों-बागवानों को उठानी पड़ी है। सड़क बहने से वे पतलीकूहल स्थित सब्जी मंडी तक अपनी फसलें नहीं पहुंचा पाए, लेकिन अब सड़क बहाल होने से उन्हें राहत मिलेगी। इस संबंध लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता केडी कश्यप ने कहा कि पतलीकूहल-नग्गर सड़क को 15 सितंबर तक बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है।